दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी, 13 मार्च से हल्की बारिश के आसार




नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और 11 मार्च को अधिकतम तापमान 31.42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, 12 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 13 से 15 मार्च के बीच हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।  

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि 10 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 11 मार्च की सुबह 31.42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही, 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।  

मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 13, 14 और 15 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है और मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है।  

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। केरल, गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं, गुजरात, ओडिशा, राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।  

उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 से 15 मार्च के बीच भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।  

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि 17 मार्च के बाद दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दोबारा गर्मी बढ़ने लगेगी। 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और तेज धूप से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Previous Post Next Post