नई दिल्ली: ब्रिटिश अभिनेता और 'हैरी पॉटर' में भूत का किरदार निभाने वाले साइमन फिशर बेकर का 63 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 9 मार्च 2025 को अंतिम सांस ली। उनके मैनेजर किम बैरी ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल एक क्लाइंट बल्कि 15 सालों के करीबी दोस्त को खो दिया है।
साइमन फिशर बेकर को 'हैरी पॉटर' फिल्म में द फैट फ्रायर के किरदार के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वह ब्रिटिश टेलीविजन सीरीज 'डॉक्टर हूं' में भी नजर आए थे। उनका जन्म 25 नवंबर 1961 को हुआ था और उन्होंने अपने करियर में कई लोकप्रिय टीवी सीरीज और फिल्मों में काम किया। साइमन के निधन के बाद उनके फैंस और करीबी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त कर रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को कुछ समय के लिए सक्रिय रखा जाएगा, लेकिन आगे इनसे कोई पोस्ट किया जाएगा या नहीं, इस पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।