नई दिल्ली: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में जानकारी दी कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने पिछले 10 वर्षों में विदेशी सैटेलाइट लॉन्च से 439 मिलियन डॉलर का राजस्व अर्जित किया है। जनवरी 2015 से दिसंबर 2024 तक इसरो ने 393 विदेशी सैटेलाइट और 3 भारतीय कस्टमर सैटेलाइट को वाणिज्यिक आधार पर लॉन्च किया।
अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और गगनयान मिशन के तहत 2014 से अब तक 34 देशों के सैटेलाइट लॉन्च किए गए हैं, जिनमें अमेरिका के 232, यूके के 83, सिंगापुर के 19 और अन्य देशों के सैटेलाइट शामिल हैं। इसरो ने नासा, फ्रांस की सीएनईएस और जापान की जेएएक्सए सहित 61 देशों और 5 बहुपक्षीय निकायों के साथ अंतरिक्ष सहयोग किया है।
इसके अलावा, भारत के ह्यूमन स्पेसफ्लाइट मिशन गगनयान कार्यक्रम की फंडिंग को बढ़ाकर 20,193 करोड़ रुपये कर दिया गया है। अब इस मिशन के तहत 2028 तक दो क्रू स्पेस फ्लाइट संचालित करने की योजना है।