मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में ₹110.56 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया



काशीपुर : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज काशीपुर में भव्य रोड शो में भाग लिया। इस दौरान काशीपुर की जनता, विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने फूलों की वर्षा, पुष्पगुच्छ और मालाओं से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने नगर निगम काशीपुर में आयोजित अभिनंदन समारोह में ₹48.61 करोड़ की लागत से 7 विकास कार्यों का शिलान्यास और ₹61.95 करोड़ की लागत से 12 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस प्रकार कुल ₹110.56 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।  


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आज किए गए लोकार्पण और शिलान्यास से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार विकास कार्यों को तीन गुना गति से आगे बढ़ा रही है और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास कर रही है।  


मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की, जिनमें शामिल हैं: ~

•नगर निगम काशीपुर परिसर में पी.पी.पी. मोड पर निगम कार्यालय भवन, आवासीय परिसर एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण।  

•काशीपुर के मुख्य बाजार मार्ग का चौड़ीकरण एवं पार्किंग युक्त शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण।  

•शहरी विकास विभाग की भूमि पर गौशाला निर्माण।  

• गिरीताल सरोवर में साइकिल-पैदल ट्रैक, नौकायन, सजावटी विद्युतीकरण एवं स्तंभ निर्माण।  

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को राज्य स्तरीय मॉडल कन्या इंटरमीडिएट विद्यालय के रूप में विकसित करना। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने काशीपुर क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ₹1100 करोड़ की लागत से औद्योगिक हब परियोजना और ₹100 करोड़ की लागत से अरोमा पार्क परियोजना संचालित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।  

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को ₹3 लाख तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। साथ ही, दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन, बागवानी और मोटे अनाज की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए भी निरंतर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि काशीपुर के चौती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर में शामिल किया गया है और इसके साथ ही क्षेत्र के अन्य प्राचीन मंदिरों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी और उनके खातों में ₹1.95 करोड़ की राशि ट्रांसफर करने के लिए महापौर को चेक सौंपा।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का संकल्प उत्तराखंड को देश का सबसे विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सरकार के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग करें। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्री अजय भट्ट, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।  

Previous Post Next Post