पंजाब में तापमान में बढ़ोतरी, 12 से 15 मार्च के बीच बारिश की संभावना: मौसम विभाग


चंडीगढ़ : राज्य में लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि, 9 मार्च से सक्रिय हुई पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब तक केवल पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 15 मार्च के बीच मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।  

ताजा आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में अधिकतम तापमान औसतन 1.1°C बढ़ा है, जिससे सामान्य तापमान 3.1°C अधिक हो गया है। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 30.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 5.2°C की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके चलते मोगा के बुड्ढ सिंह वाला में न्यूनतम तापमान 13.4°C रहा।  

मौसम विभाग ने 13-14 मार्च को पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में तेज आंधी-तूफान और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 13 मार्च को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 14 मार्च को पंजाब के 13 जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Previous Post Next Post