टोहाना पुलिस ने 21 किलो गांजे के साथ महिला को किया गिरफ्तार



टोहाना : नशा मुक्त अभियान के तहत टोहाना पुलिस ने एक महिला को 21 किलो 496 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान बिरमा उर्फ लंका, पत्नी राजेंद्र, निवासी वार्ड नंबर 2 (हाल निवासी इंदिरा कॉलोनी, टोहाना) के रूप में हुई है।  

उप पुलिस अधीक्षक उमेद सिंह ने जानकारी दी कि एएसआई सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सीआईए टोहाना पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बिरमा उर्फ लंका अपने घर में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला पुलिस को देखकर घबरा गई और प्लास्टिक कट्टा लेकर अंदर जाने लगी। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें कट्टे से 21 किलो 496 ग्राम गांजा बरामद हुआ।  

बीडीपीओ जाखल किन्नी गुप्ता और वार्ड पार्षद राकेश कुमार की मौजूदगी में तलाशी के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Previous Post Next Post