चंडीगढ़: पंजाब रोडवेज, पनबस और पी.आर.टी.सी. बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए मुश्किल भरी खबर सामने आई है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पी.आर.टी.सी. ठेका कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर 7, 8 और 9 अप्रैल को बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है। इससे सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ठेका कर्मचारी यूनियन ने सरकार पर आरोप लगाया कि जुलाई में मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों की पक्की नौकरी और वेतन बढ़ोतरी जैसी मांगों को लेकर सरकार के रवैये से नाराज होकर यूनियन ने विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है।
यूनियन के अनुसार, 13 मार्च से सभी डिपो में विरोध प्रदर्शन शुरू होंगे, 19 मार्च को पटियाला स्थित पी.आर.टी.सी. मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन होगा और 26 मार्च को चंडीगढ़ मुख्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा। यदि सरकार ने 3 अप्रैल तक कोई फैसला नहीं लिया तो 7 से 9 अप्रैल तक पूरे पंजाब में सरकारी बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इससे हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।