फ्लोरिडा: नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर 9 महीने के अंतरिक्ष मिशन के बाद सफलतापूर्वक धरती पर लौट आए हैं। उनकी लैंडिंग फ्लोरिडा के तट पर हुई, जिसके बाद उन्हें कैप्सूल से निकालकर विशेष पोत में शिफ्ट किया गया।
नासा ने इस मिशन की सफलता के लिए स्पेसएक्स को धन्यवाद दिया और मिशन के दौरान आई चुनौतियों के बावजूद इसे सफल करार दिया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी सुनीता विलियम्स की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, यह गर्व और राहत का पल है। पूरी दुनिया भारत की इस बेटी की सुरक्षित वापसी का जश्न मना रही है।
लैंडिंग के बाद सुनीता विलियम्स की पहली झलक सामने आई, जिसमें वह मुस्कुराते हुए नजर आईं और हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। फिलहाल उनकी मेडिकल जांच की जा रही है। इस मिशन में उनकी बहादुरी और धैर्य ने एक बार फिर भारत और दुनिया को गर्व करने का मौका दिया है।