नई दिल्ली: देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 14 मार्च के बीच भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में 12 से 14 मार्च तक बारिश होने की संभावना है। हरियाणा में 13 और 14 मार्च को बारिश हो सकती है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 14 मार्च को बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में 11 और 12 मार्च को 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में 10 और 11 मार्च को बारिश का अनुमान है।
वहीं, देश के कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। महाराष्ट्र, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में अगले 5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और कर्नाटक में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 12 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने तेज हवाओं, बारिश और गर्मी के प्रभाव से बचने के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।