हिसार: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार को हिसार जाते समय भैणी महाराजपुर गांव में अचानक अपना काफिला रुकवाया और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान उन्होंने किसानों से फसल से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और सरकार द्वारा किसान हितों में लिए जा रहे फैसलों के बारे में अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार किसानों के हित के लिए कार्य कर रही है और सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) पर खरीदने का निर्णय लिया है, जिससे किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य मिल सके। सैनी ने किसानों से हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने विशेष गिरदावरी के निर्देश दिए हैं और साथ ही क्षतिपूर्ति पोर्टल भी शुरू किया गया है, जहां किसान अपनी खराब फसल की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खुशी जताई और उनके सहज व्यवहार और आत्मीयता से प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ सामान्य व्यक्ति की तरह खड़े होकर बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस अचानक दौरे से ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मुख्यमंत्री के अपनेपन और सादगी की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हमेशा जनता के हित में काम कर रही है और आगे भी विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।