मुंबई: ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। रविवार सुबह डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद उन्हें चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां नियमित जांच के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। अपोलो अस्पताल ने बयान जारी कर बताया कि उनकी स्थिति सामान्य है और अब वह पूरी तरह ठीक हैं।
रहमान के बेटे एआर अमीन ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दिया और प्रशंसकों का धन्यवाद किया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि डॉक्टर्स ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया है और वह जल्द ही घर लौट आएंगे।
58 वर्षीय एआर रहमान को सुबह 7:10 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी और अन्य जांचें कीं। इसके बाद एंजियोग्राफी भी कराई गई। राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति गंभीर नहीं थी और अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
हाल के दिनों में एआर रहमान अपने निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में थे। नवंबर 2024 में उनकी पत्नी सायरा बानो की वकील ने उनके तलाक की पुष्टि की थी। इसके बाद रहमान ने इसे ‘तोड़ देने वाला’ फैसला बताया था। कुछ हफ्ते पहले सायरा बानो भी स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हुई थीं, जहां उनकी सर्जरी हुई थी।