लाहौल-स्पीति : हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। जिला चंबा के पांगी और भरमौर में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि लाहौल और किन्नौर के ऊंचे इलाकों में भी बर्फ गिरी। इससे पांगी उपमंडल में किलाड़-लाहौल राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुल्लू और लाहौल-स्पीति में अब भी 121 सड़कें बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं। शिमला जिले में बादल छाए हुए हैं, जबकि चंबा और लाहौल घाटी में हिमखंड गिरने से कई रास्ते बंद हो गए हैं। मनाली से लाहौल तक लगातार हिमस्खलन हो रहा है, जिससे सफर करना बेहद खतरनाक हो गया है।
रामपुर में भूस्खलन, हाईवे जाम
रामपुर बाजार के पास सफेद ढांक इलाके में भूस्खलन के कारण एनएच-5 पर यातायात ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार भूस्खलन के कारण इस क्षेत्र में सड़क पार करना जोखिमभरा हो गया है।