चंडीगढ़: मशहूर रैपर और गायक हनी सिंह के चंडीगढ़ में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, 23 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर-25 ग्राउंड में होने वाले हनी सिंह के कॉन्सर्ट के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पाई। इसके चलते अब यह कॉन्सर्ट पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
हनी सिंह की टीम ने इस बदलाव को लेकर आधिकारिक घोषणा की है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने के बाद अब शो का आयोजन पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले हनी सिंह के कॉन्सर्ट को चंडीगढ़ के सेक्टर-25 के ग्राउंड में करवाने के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। अब कॉन्सर्ट के स्थान में बदलाव होने के बाद शो की टिकटें, जो पहले चंडीगढ़ के नाम पर बेची जा रही थीं, उसे लेकर अब संशय की स्थिति बनी हुई है।
इस मामले पर चंडीगढ़ के डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि शो के पंचकूला में शिफ्ट होने को लेकर प्रशासन को कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि, हनी सिंह के फैंस के लिए यह बड़ी खबर है कि अब वे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में उनके लाइव परफॉर्मेंस का आनंद ले सकेंगे।
वहीं, कॉन्सर्ट के आयोजकों का कहना है कि जिन लोगों ने पहले से चंडीगढ़ के लिए टिकट खरीदी है, वे उसी टिकट के जरिए पंचकूला में शो का हिस्सा बन सकते हैं। आयोजकों ने कहा कि जल्द ही इस संबंध में सभी टिकट धारकों को आधिकारिक सूचना दी जाएगी।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पंचकूला प्रशासन इस शो के लिए अनुमति देता है या नहीं। फिलहाल हनी सिंह के फैंस को 23 मार्च को पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में उनके धमाकेदार परफॉर्मेंस का इंतजार रहेगा।