गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में होलिका दहन कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों पर फूलों की वर्षा की। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद थे। सीएम योगी ने लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए यूपी पुलिस भर्ती के परिणामों का जिक्र किया, जिसमें 60,244 युवाओं का चयन हुआ, जिनमें 12,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है, जिसमें सभी आरक्षण प्रावधानों का पालन किया गया। चयन परीक्षा में सामान्य वर्ग के 12,937, अन्य पिछड़ा वर्ग के 32,052, अनुसूचित जाति के 14,026 और अनुसूचित जनजाति के 1,229 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अभ्यर्थियों की मेहनत, उनके गुरुजनों और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी।