मनाली: सोलंगनाला के पास रविवार को हुए भारी हिमस्खलन के कारण मनाली-केलांग मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। हालांकि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की तत्परता के चलते सड़क को जल्द ही बहाल कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे सोलंगनाला के पास बीआरओ की योजक परियोजना के कार्यालय के समीप भारी हिमस्खलन हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बर्फ का विशाल ढेर सड़क पर गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस दौरान वाहन चालक रविंद्र और अशोक ने बताया कि सौभाग्यवश बीआरओ की मशीनरी मौके पर ही मौजूद थी, जिससे बिना देर किए सड़क को यातायात के लिए जल्द बहाल कर दिया गया।
बीआरओ के कर्मियों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए एक घंटे के भीतर सड़क को खोल दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से शुरू हो सकी।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि भारी हिमपात के कारण मनाली-केलांग मार्ग पर हिमस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सोलंगनाला से आगे धुंधी की ओर जाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम में सुधार नहीं आता और हिमस्खलन का खतरा कम नहीं हो जाता, तब तक पर्यटकों को सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति होगी। गौरतलब है कि हाल के दिनों में ताजा बर्फबारी के कारण क्षेत्र में हिमस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है। प्रशासन लगातार लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम न उठाने की अपील कर रहा है।