अंबाला: अंबाला शहर में हुए मेयर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारी मतों से जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी शैलजा सचदेवा ने 20,487 वोटों के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार अमीषा चावला को हराकर बड़ी जीत हासिल की। यह जीत भाजपा के लिए बेहद खास है क्योंकि 2019 के बाद अंबाला में यह पहला बड़ा चुनावी विजय है। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यकाल के एक साल पूरे होने के दिन भाजपा ने यह "जीत का सिक्सर" मारा है। उन्होंने कहा कि अब "ट्रिपल इंजन सरकार" में विकास और तेजी से होगा।
शैलजा सचदेवा अंबाला शहर नगर निगम की तीसरी मेयर होंगी। जीत के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री ने मुझे कमल का फूल थमाया था, अब जनता ने कलम थमा दी है। देखिए, अब कैसे तेजी से विकास होता है!" भाजपा की इस जीत पर अंबाला भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस जीत का श्रेय पार्टी के हर एक कार्यकर्ता को जाता है और इससे मुख्यमंत्री के हाथ और मजबूत होंगे।