ऊना: डेरा बाबा रूद्रानंद आश्रम में स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज को श्रद्धांजलि, आज रस्म पगड़ी का आयोजन

 



ऊना: उत्तर भारत के प्रसिद्ध डेरा बाबा रूद्रानंद आश्रम, नारी में ब्रह्मलीन श्रीश्री 1008 स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज का वैकुंठ निवास हो गया है। उनकी आत्मिक शांति के निमित्त आज शुक्रवार को रस्म पगड़ी और भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। परम शिष्य हेमानंद जी महाराज की अगुवाई में संत महापुरुषों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधियों के साथ सभी रस्में अदा की जाएंगी।  

आश्रम में लगातार गरुड़ पुराण का पाठ और बनारस के विद्वान पंडितों द्वारा नित्यकर्म की प्रक्रियाएं संपन्न करवाई जा रही हैं। हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर सद्गुरु महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। ट्रस्ट के सचिव प्रवीण शर्मा ने बताया कि रस्म पगड़ी व श्रद्धांजलि कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक डेरा बाबा रूद्रानंद के मैदान में होगा, जिसमें भजन-कीर्तन और महापुरुषों के प्रवचन भी होंगे। 

भक्तजनों की सुविधा के लिए प्रशासन और पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। स्वयंसेवक व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं, वहीं पार्किंग और यातायात को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग एलसीडी स्क्रीन और सोशल मीडिया के माध्यम से भी की जाएगी।

Previous Post Next Post