संभल में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या



संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलफाम सिंह यादव की जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या कर दी गई। सोमवार दोपहर जब वह अपने गांव दबथरा हिमाचल में स्थित पशुशाला में बैठे थे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात लोग आए और उन्हें जहरीला इंजेक्शन लगा दिया।  

इंजेक्शन लगते ही गुलफाम सिंह यादव की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें तुरंत सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।  

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन पर जांच जारी है।  

गुलफाम सिंह यादव का राजनीतिक जीवन काफी सक्रिय रहा था। उन्होंने वर्ष 2004 के उपचुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वह भाजपा के बदायूं जिले के जिला महामंत्री, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भी रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।  

Previous Post Next Post