डलहौजी में वीकेंड पर उमड़ी सैलानियों की भीड़, बर्फबारी ने बढ़ाई रौनक

 


डलहौजी:  पर्यटक नगरी डलहौजी में इस वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद दर्ज की गई। होली के अवकाश और अनुकूल मौसम के चलते गांधी चौक, सुभाष चौक, पंचपुला, खज्जियार और कालाटोप जैसे पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल बढ़ गई।  

लंबे समय बाद बढ़ी सैलानियों की आवाजाही से होटल कारोबारियों और स्थानीय दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए। इसी बीच, रविवार दोपहर मौसम ने करवट ली और डैनकुंड व आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरा इलाका सफेद चादर में ढक गया। डलहौजी शहर में भी ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।  

बर्फबारी का यह नजारा देखकर बाहरी राज्यों से आए पर्यटक बेहद खुश नजर आए। कुछ पर्यटकों ने बर्फ में अठखेलियां कर यादगार पल संजोए, तो कुछ ने डैनकुंड की वादियों में बर्फीली ठंड का लुत्फ उठाया। बीते कुछ महीनों से मंदी झेल रहे पर्यटन कारोबार को भी इस वीकेंड ने कुछ राहत दी है, जिससे शहर में रौनक लौट आई।

Previous Post Next Post