गाजियाबाद: लोनी के कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद कॉलोनी में रविवार रात महिला सादिया ने अपने पति आरिफ पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया। 40 फीसदी से अधिक झुलसी सादिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सादिया के भाई सलमान के अनुसार, उसका पति दूसरी शादी कर चुका है, जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरिफ ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
सादिया मूल रूप से बागपत जिले के आसरा गांव की रहने वाली है। उसकी शादी 2019 में पानीपत के मोहाली निवासी आरिफ से हुई थी। दोनों लोनी के मुस्तफाबाद कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। उनके तीन बच्चे हैं पांच वर्षीय बेटी हुमा और 17 माह के जुड़वा बच्चे फातिमा और मोहम्मद। घटना के बाद सादिया के भाई ने लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।