दिल्ली मेट्रो रेड लाइन पर सेवा बहाल, केबल चोरी से हुई थी दिक्कत



नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर सेवाएं अब सामान्य रूप से बहाल हो चुकी हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। डीएमआरसी ने अपनी पिछली पोस्ट को टैग करते हुए कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और सामान्य सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।  

केबल चोरी के कारण हुई थी परेशानी 

सुबह डीएमआरसी ने जानकारी दी थी कि शाहदरा से सीलमपुर सेक्शन पर केबल चोरी की घटना के चलते मेट्रो सेवाएं बाधित हुई थीं। डीएमआरसी ने यह भी कहा कि ऐसी बार-बार होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए वे कानून और व्यवस्था तंत्र के संपर्क में हैं। प्रभावित सेक्शन की मरम्मत का काम नॉन-पीक आवर में करने का प्रयास किया जाएगा, अन्यथा यह कार्य रात में यात्री सेवाएं समाप्त होने के बाद किया जाएगा।  

पहले भी हो चुकी हैं केबल चोरी की घटनाएं 

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली मेट्रो को केबल चोरी की वजह से दिक्कत हुई हो। इससे पहले 5 दिसंबर को दिल्ली-नोएडा ब्लू लाइन पर भी केबल चोरी के कारण मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थीं। तब मोती नगर और कीर्ति नगर के बीच केबल चोरी होने के कारण मेट्रो की रफ्तार धीमी हो गई थी। डीएमआरसी ने यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने का आग्रह किया था।  अब, रेड लाइन पर सेवा पूरी तरह सामान्य हो चुकी है और यात्री पहले की तरह अपनी यात्रा कर सकते हैं।

Previous Post Next Post