दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए कसी कमर, जल्द होगी भव्य यमुना आरती: सीएम रेखा गुप्ता



दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को यमुना नदी की सफाई को लेकर सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला और आश्वासन दिया कि यमुना की सफाई का काम अब लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जल्द ही दिल्ली के लोग बनारस की गंगा आरती की तरह यमुना आरती का आनंद ले सकें।  

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना की सफाई का काम अब रुकने वाला नहीं है। इस पर काम करने वाली बड़ी टीम प्रतिदिन कार्य करेगी। हम यमुना नदी की सफाई में एक सेकंड भी बर्बाद नहीं कर रहे हैं। जल्द ही दिल्ली के लोग यमुना के किनारे बैठकर भव्य यमुना आरती देखेंगे।  

गौरतलब है कि राजधानी में भाजपा सरकार बनने के बाद से यमुना की स्थिति में सुधार करना पार्टी के सबसे प्रमुख एजेंडे में से एक रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर काम शुरू किया है।  

पिछले सप्ताह, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात कर यमुना की स्थिति और अन्य पर्यावरणीय मुद्दों पर चर्चा की थी। सिरसा ने इस बैठक को सकारात्मक बताया और कहा कि सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि यमुना को साफ और स्वच्छ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और यमुना सफाई अभियान के विजन को आगे बढ़ा रही है।  

वहीं, भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने हाल ही में बोट क्लब, सिग्नेचर ब्रिज और आईटीओ छठ घाट पर चल रहे यमुना सफाई अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और प्रगति का आकलन किया। वर्मा ने बताया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अब तक यमुना नदी से करीब 1,300 मीट्रिक टन कचरा हटाया है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।  

दिल्ली सरकार ने हाल ही में इन्लैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) के साथ मिलकर यमुना नदी पर क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर भी किए हैं। इस कदम से न केवल यमुना की सफाई और संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की योजना है।  

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना की सफाई के प्रति सरकार गंभीर है और जल्द ही दिल्ली के लोगों को बनारस की गंगा आरती की तरह भव्य यमुना आरती देखने का मौका मिलेगा। साथ ही उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे यमुना को साफ और स्वच्छ रखने में अपना सहयोग दें ताकि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

Previous Post Next Post