मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का हालचाल जाना, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश



शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज आईजीएमसी, शिमला पहुंचे और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का कुशल-क्षेम जाना। बंबर ठाकुर शुक्रवार को बिलासपुर में गोली लगने से घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।  

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि बंबर ठाकुर को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। इस घटना की निंदा करते हुए उन्होंने इसे गंभीर मामला बताया और पुलिस को दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने रातभर छापेमारी कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।  

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य में नशा माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा। सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते नशे के मामलों में 30% तक की गिरावट आई है। उन्होंने हाल ही में अधिकारियों को नशा तंत्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, सरकार बजट सत्र में संगठित अपराध और नशे के खिलाफ कठोर कानून लाने की तैयारी कर रही है।

Previous Post Next Post