जालंधर: शहर की पी.पी.आर. मार्केट में देर रात गोलियां चलने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने नशे की हालत में फायरिंग की, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात यह रही कि सुबह जब एक ऑप्टिकल शॉप मालिक अपनी दुकान खोलने आया, तो उसे शटर के पीछे कांच के दरवाजे में गोली लगी हुई दिखाई दी।
घटना की सूचना तुरंत थाना 7 की पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि सुबह 11 बजे शिकायत देने के बावजूद शाम 5 बजे तक जांच के लिए कोई भी पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ऑप्टिकल शॉप के मालिक ने बताया कि जब उसने सुबह 10 बजे दुकान खोली, तो शटर में एक छेद दिखाई दिया। जब उसने शटर उठाकर देखा, तो कांच के दरवाजे में भी गोली आर-पार हो चुकी थी।
बाद में जांच में पता चला कि रात करीब 11 बजे एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार कुछ युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली ऑप्टिकल शॉप की ओर चली गई। घटना के बाद पुलिस की लापरवाही को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।