वृंदावन: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण कर रहे हमीरपुर जिले की ऊखली पंचायत के एक युवक की होली के दिन यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ जब वह अपने साथियों के साथ नदी में नहाने गया था।
नहाते समय युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने मदद के लिए शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई और युवक के परिजनों को वृंदावन बुलाया गया।
शनिवार को नदी में तलाशी अभियान के बाद युवक का शव बरामद किया गया। रविवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं।