पत्रकारों की गिरफ्तारी पर केटीआर का कांग्रेस पर निशाना, राहुल गांधी से किया सवाल



हैदराबाद: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक केटी रामा राव (केटीआर) ने दो महिला पत्रकारों की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। बुधवार सुबह पुलिस ने पत्रकार रेवती और उनकी सहकर्मी तन्वी यादव को गिरफ्तार किया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस शासन में किसान की परेशानियों को उजागर करने वाला वीडियो पोस्ट किया था।  

केटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी जी, क्या यही आपकी 'मोहब्बत की दुकान' है? सुबह-सुबह दो महिला पत्रकारों को गिरफ्तार करना! उनका अपराध क्या है? अक्षम और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता की राय को आवाज देना। भारत का संविधान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन करता है, जिसे आप नियमित रूप से पढ़ते हैं।  

उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ महिला पत्रकार रेवती की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। सुबह 5 बजे घर पर छापा मारना और उन्हें अवैध रूप से गिरफ्तार करना राज्य में आपातकाल जैसी स्थिति का प्रमाण है। युवा पत्रकार तन्वी यादव की गिरफ्तारी भी बेहद निंदनीय है।  

बीआरएस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार मीडिया और सोशल मीडिया की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से अपील की कि वे लोकतंत्र पर हो रहे इन हमलों को तुरंत रोके।

Previous Post Next Post