पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, तापमान में वृद्धि के आसार



चंडीगढ़: पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद इसका प्रभाव खत्म होना शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई और धूप निकलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, हालांकि यह अब भी सामान्य के करीब बना हुआ है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान पटियाला में 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही, अगले सप्ताह न तो बारिश होगी और न ही किसी पश्चिमी विक्षोभ का असर पंजाब में देखने को मिलेगा।  

साल 2024 में पंजाब में औसत से कम बारिश दर्ज की गई थी, जिसके कारण मौसम विभाग ने राज्य को रेड ज़ोन में रखा था। इस साल भी सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है। मार्च के पहले 15 दिनों में राज्य में 46% कम वर्षा दर्ज की गई। आमतौर पर मार्च के पहले पखवाड़े में पंजाब में 14 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस साल सिर्फ 7.6 मिमी वर्षा हुई। फरवरी में भी राज्य में 21.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 27.1 मिमी होता है।

Previous Post Next Post