लुधियाना: आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान 18 मार्च को लुधियाना के सिविल अस्पताल की अपग्रेडेड सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा किया और अपग्रेडेशन कार्यों का जायजा लिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पहले अस्पताल की स्थिति बेहद खराब थी। चूहों की समस्या, लिफ्टों की खराबी, पेयजल की कमी और बाथरूमों की बदहाल स्थिति जैसी समस्याएं थीं। लेकिन अब सरकार और सांसद संजीव अरोड़ा के प्रयासों से अस्पताल में बड़े सुधार हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, यह अस्पताल अब पंजाब के बेहतरीन अस्पतालों में से एक होगा, जहां कॉर्पोरेट अस्पतालों की तर्ज पर सेवाएं मिलेंगी। यहां आईसीयू और बच्चों के लिए एनआईसीयू भी शुरू किया जा रहा है। लुधियाना में पहले से दो मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, और जल्द ही ईएसआई और एक अन्य संस्थान में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।
सरकार लुधियाना में हाइब्रिड मॉडल के तहत 1000 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोलने पर भी विचार कर रही है। इसमें 500 बेड पेड होंगे, जबकि 500 बेड पर पंजाब के मरीजों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा होगी, जिसका खर्च सरकार उठाएगी।