अम्ब: अम्ब-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर नैहरियां में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बच्चे सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मैड़ी मेले के सैक्टर नंबर-8 नैहरियां में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। हादसे के समय कार में सवार परिवार लुधियाना से अपने घर लौट रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार पांच लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान गौरव कुमार (28) पुत्र शक्ति चंद, ईशा (24) पत्नी सुरजीत सिंह, सुरजीत सिंह (29) पुत्र शक्ति चंद, किरण बाला (46) पत्नी शक्ति चंद और तुषार (डेढ़ वर्ष) पुत्र सुरजीत सिंह, सभी निवासी अप्पर लम्बागांव, तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
इस हादसे में किरण बाला को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल अम्ब में चल रहा है।
पुलिस मेला अधिकारी एवं एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर सतर्कता बरतें और तेज गति से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।