मनाली: स्पीती घाटी के मुद गांव के पास हिमस्खलन की चपेट में आए दो लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गांव में पानी की किल्लत के कारण जब ग्रामीण मुख्य जलस्रोत तक पहुंचे, तभी अचानक यह हादसा हो गया।
15 मिनट तक बर्फ में दबे रहे दोनों लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हिमस्खलन के बाद करीब 15 मिनट तक दोनों लोगों का कोई पता नहीं चला। इस दौरान साथी ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। लगातार खोजबीन के बाद जब बर्फ के नीचे से आवाजें सुनाई दीं, तो उनकी सही लोकेशन का पता चला। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब पांच फुट बर्फ हटाई और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गांव में पानी की समस्या बनी चिंता का विषय
गांव के नम्बरदार छेवांग ने इस घटना को चमत्कारिक बताया और कहा कि यह पूरे गांव के लिए राहत की बात है कि दोनों लोग सुरक्षित बच गए। उन्होंने बताया कि गांव की टंकियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को मुख्य जलस्रोत पर निर्भर रहना पड़ता है।
विधायक ने ग्रामीणों की सराहना की
घटना पर क्षेत्र की विधायक अनुराधा राणा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों लोगों की जान बचाने वाले ग्रामीणों की बहादुरी की प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने लोगों को हिमपात के कारण संभावित खतरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी। हाल ही में हुए भारी हिमपात के बाद क्षेत्र में हिमस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे जोखिम भरे इलाकों में जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।