हरिद्वार- ऋषिकेश: उत्तराखंड सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी का शव कार्यालय में ही फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अर्जुन कश्यप के रूप में हुई, जो रुड़की स्थित सिंचाई परियोजना संस्थान में चौकीदार के पद पर कार्यरत था।
अर्जुन बुधवार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी पर था, लेकिन गुरुवार को घर नहीं पहुंचा। दो दिन से कार्यालय में अवकाश था, जिससे परिजनों को उसकी कोई खबर नहीं मिली। जब तलाश शुरू की गई, तो शनिवार को उसका शव कार्यालय की सीढ़ियों की रेलिंग से लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजन इस मामले में अन्य लोगों पर संदेह जता रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्जुन दो बच्चों का पिता था, और इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।