पालमपुर में हिमालयन थार का अवैध शिकार, वन विभाग ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार



पालमपुर: हिमालयन थार के अवैध शिकार का मामला पालमपुर के समीपवर्ती जिया के ऊपरी क्षेत्र में सामने आया है। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार शिकारी और एक वाहन चालक शामिल है। बताया जा रहा है कि इन शिकारियों ने कुल पांच हिमालयन थार का शिकार किया था। यह वन्य प्राणी वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के शेड्यूल-1 के तहत संरक्षित श्रेणी में आता है।  

वन विभाग की टीम को ऊपरी क्षेत्र में अवैध शिकार की गुप्त सूचना पहले से ही मिली हुई थी। इस कारण शिवरात्रि के बाद से इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। मंगलवार को धयाला रोड पर वन विभाग की टीम द्वारा लगाए गए नाके में यह कार्रवाई सफल रही। जब संदिग्ध वाहन को रोका गया तो उसमें पांच हिमालयन थार मृत पाए गए। जांच के दौरान वाहन से बंदूक, कारतूस और अन्य तेजधार हथियार भी बरामद किए गए।  

वन मंडल अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि इनपुट के आधार पर विशेष टीम तैनात की गई थी। छानबीन के दौरान नाके पर एक वाहन पकड़ा गया, जिसमें अवैध शिकार किए गए पांच हिमालयन थार मिले। साथ ही बंदूक, कारतूस और तेजधार हथियार भी बरामद हुए। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post