लुधियाना में दो समुदायों के बीच झड़प, पुलिस ने दर्ज की FIR



लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार को दो समुदायों के बीच झड़प का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, जुमे की नमाज के दौरान कुछ लोगों द्वारा पत्थराव किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों का आरोप है कि नमाज के समय पत्थर फेंके गए, जिससे स्थिति बिगड़ गई। वहीं, सूत्रों के अनुसार, नमाज के वक्त डीजे बजने के कारण विवाद शुरू हुआ था।  

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस पत्थरबाजी में तीन लोग घायल हुए हैं। मामले में FIR दर्ज कर ली गई है, जिसमें बीएनएस की धारा 194जी, 191जी, 190 और 299 शामिल हैं। पूछताछ के लिए 7-8 लोगों को हिरासत में लिया गया है।  

डीसीपी पीएस विर्क ने बताया कि बिहारी कॉलोनी के कुछ लोगों ने पत्थराव किया था, जिसके बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति या समुदाय शहर का माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Previous Post Next Post