चारधाम यात्रा-2025 के लिए उत्तराखंड पुलिस की व्यापक तैयारियां शुरू

 


देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा-2025 के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप और यातायात निदेशक नारायण सिंह नपलच्याल ने यात्रा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी साझा की है।

चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी के रूप में आईजी गढ़वाल रेंज को नियुक्त किया गया है। वे यात्रा मार्गों और ठहराव स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की निगरानी करेंगे। गढ़वाल रेंज कार्यालय में चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिसके प्रभारी एसपी ट्रैफिक देहरादून लोकजीत सिंह होंगे।

यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा, जिसमें एक उपाधीक्षक, दो निरीक्षक, चार उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी तैनात होंगे। कंट्रोल रूम में रजिस्ट्रेशन, ट्रैफिक, पार्किंग, सुरक्षा, यात्री आवाजाही, फर्जी रजिस्ट्रेशन पर कार्रवाई और अन्य विभागों से समन्वय के लिए विशेष डेस्क बनाई जाएंगी। यह अगले पांच दिनों में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा और वरिष्ठ अधिकारियों को यात्रा की दैनिक स्थिति की जानकारी देगा।

पुलिस मुख्यालय स्तर पर डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल के नेतृत्व में चारधाम सेल गठित किया जाएगा, जो यात्रा से जुड़ी सूचनाओं का संकलन और समन्वय करेगा।

इस वर्ष चारधाम यात्रा मार्ग को 15 सुपर जोन, 41 जोन और 137 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर 10 किलोमीटर क्षेत्र में फैला होगा, जिसमें दो कांस्टेबल 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे।

पूरी यात्रा के संचालन के लिए 24 पुलिस उपाधीक्षक, 66 निरीक्षक, 366 उपनिरीक्षक, 615 हेड कांस्टेबल, 1222 कांस्टेबल, 208 महिला कांस्टेबल, 926 होमगार्ड, 1049 पीआरडी जवान, 9 पीएसी कंपनियां और 26 एसडीआरएफ सब टीमें तैनात की जाएंगी। साथ ही प्रत्येक धाम में एक उपाधीक्षक प्रभारी होंगे और 9 अपर पुलिस अधीक्षकों को रूट प्रभारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

उत्तराखंड पुलिस का उद्देश्य चारधाम यात्रा-2025 को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु हित में संपन्न कराना है।

Previous Post Next Post