चंडीगढ़: पंजाब में पिछले एक सप्ताह से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सबसे अधिक तापमान पटियाला में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
अन्य प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर साफ देखने को मिला। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 35.1 डिग्री और अमृतसर में 32.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बठिंडा में 33.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। अगले तीन दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
लू (हीटवेव) को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। पंजाब के पांच जिलों फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और बरनाला में 6 अप्रैल से 9 अप्रैल तक लू का प्रभाव देखने को मिलेगा।
हालांकि, मौसम विभाग ने 9 अप्रैल से बारिश की संभावना भी जताई है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। यह बदलाव 9 अप्रैल की रात से शुरू होने की उम्मीद है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी।